कन्नौज। छह और सात सितंबर को जिले के 17 केंद्रों पर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कराई जाएगी। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्वक संपन्न कराने के प्रशासन ने तैयार शुरू कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों पर 25,496 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।
पीईटी परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थी केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। पूरी परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में कराई जाएगी। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सभी केंद्रों के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी है। डीआईओएस पप्पू सरोज ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेंगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र का भ्रमण करेंगे।
इन स्कूलों में बनाया गया परीक्षा केंद्र
वैसापुर पट्टी के आशा पब्लिक स्कूल, सराय शाह मोहम्मद जीटी रोड जलालपुर पनवारा के क्रिस्तु ज्योति अकादमी, मकरंद नगर के जेपीएस, मुहल्ला मीर वैश्य टोला के जेपी गर्ल्स इंटर काॅलेज, ग्वाल मैदान के केके इंटर काॅलेज, सराय घाघ के कन्नौज पब्लिक स्कूल को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन रोड कानपुर पब्लिक स्कूल, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, ताजपुर नौकाश्त के सेठ वासुदेव सहाय इंटर काॅलेज, मकरंद नगर के गोमती देवी गर्ल्स इंटर काॅलेज, पुलिस लाइन रोड के सेंट जेवियर्स स्कूल, मुहल्ला बुधवारी के सुशीला देवी गर्ल्स इंटर काॅलेज, तिर्वा के जेपी एजूकेशन अकादमी, दुर्गानगर तिर्वा खास के डीएन काॅलेज व मोहल्ला लोहिया नगर के किसान इंटर काॅलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।