तालग्राम। सरकारी अस्पतालों में एक रुपये के पर्चे पर जांच से लेकर इलाज तक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद पीएचसी बैसापुर पर मरीजों का पांच रुपये का पर्चा बनाया जाता है। साथ ही इंजेक्शन लगवाने के लिए मरीजों से 50 रुपये वसूले जाते हैं। मरीज से रुपये लिए जाने का मंगलवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
तालग्राम ब्लॉक के बैसापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आए दिन मरीजों से अवैध वसूली की जाती है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में दो डाॅक्टरों की तैनाती है पर एक ही डॉक्टर आते हैं। पीएचसी के स्वास्थ्य कर्मी अपनी मनमानी पर उतारू है। पर्चा बनाने का काम चतुर्थ श्रेणी कर्मी कर रहा है। वह रजिस्ट्रेशन शुल्क एक रुपये की जगह जबरन पांच रुपये वसूल कर रहा है। साथ ही दवा वितरण कक्ष से एक्सपायरी डेट की दवाइयां दी जा रही हैं। एक मरीज ने एक्सपायरी दवाई की शीशी भी दिखाई और बताया कि इंजेक्शन लगवाने के लिए उससे 50 रुपये मांगे गए। इसी बीच किसी ने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है, जो क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय है। डिप्टी सीएमओ डॉ. इरशाद सिद्दीकी का कहना है कि मामला अभी संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो मामला गंभीर है। पूरी मामले की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।