कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर खड़ी एक कार से अंग्रेजी शराब की 230 बोतलें बरामद हुई हैं। बरामद शराब सिर्फ सेना की कैंटीन में बिक्री के लिए है। ऐसे में पुलिस ने शराब अवैध मानी है। पुलिस ने कार मालिक और ठठिया निवासी एक अज्ञात के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज की है।
ठठिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक शेखर सैनी शुक्रवार देर रात पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर ने शेखर को सूचना दी कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के किलोमीटर संख्या 209 पर एक संदिग्ध कार खड़ी है। कार में अवैध शराब होने की बात भी मुखबिर ने बताई। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई तो एक कार खड़ी मिली। नंबर प्लेट पर लिखे नंबर से कार की जानकारी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पुलिस का दावा है कि कार हरियाणा के झझर जनपद के वार्ड नंबर 14 मकान नंबर 660 निवासी तेजपाल सैनी की है। इसे तस्करी कर ले जाया जा रहा था। शराब की दो बोतलों को जांच के लिए रखा गया है। ठठिया प्रभारी पीएन बाजपेयी ने बताया कि फर्जीवाड़ा, जालसाजी, वाहन अधिनियम, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार से हो रही थी तस्करी
पुलिस के मुताबिक कार में फर्जी नंबर प्लेट लगी पायी गयी। नंबर प्लेट पर जो नंबर दर्ज था वह फर्जी निकला। चेचिस नंबर के आधार पर पुलिस ने मालिक का पता लगाया। हालांकि पुलिस इस बिन्दु पर भी जांच कर रही है कि कहीं कार चोरी कर इसका इस्तेमाल शराब की तस्करी में तों नहीं किया जा रहा। कार कुछ जगह से क्षतिग्रस्त भी है। पूरे मामले में पुलिस ठठिया के स्थानीय लोगों को भी खोज रही है। पुलिस का मानना है कि स्थानीय लोगों की मिली भगत के बिना यहां शराब नहीं आ सकती।