सौरिख (कन्नौज)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सलेमपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, पांच अन्य घायल हो गए। दो घायलों को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर किया गया है। कार सवार एक युवक भाई के शादी समारोह से रिश्तेदार और बच्चे के सात वृंदावन से घर लौट रहे थे।
अयोध्या के मसौदा भोपतपुर पूराकलंदर निवासी कार चालक धर्मचंद पुत्र सुभाषचंद वर्मा ने बताया कि उसके भाई पंकज की शादी वृंदावन मथुरा में थी। वह कार से शादी समारोह से लौट रहा था। कार में रमेश चंद (35), आगमन (8) पुत्र दिनेश, दिनेश, मनोज निवासी बल्लीपुरवा थाना चेनाई और धर्मराज सवार थे। जब वह लोग सौरिख थानाक्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रमेश की मौत हो गई।
एनसीसी प्लांट की पेट्रोलिंग गाड़ी में सवार लोगों ने कार का शीशा तोड़कर आगमन व मनोज को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दो को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। सौरिख थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने मृतक व घायल के परिजनों को फोन कर हादसे की सूचना दी। हादसे की सूचना घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। देर शाम मृतक और घायलों के परिजन मेडिकल कालेज तिर्वा पहुंच गए थे।
छिबरामऊ क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 3 लोग घायल हो गए। फर्रुखाबाद रोड स्थित इंदिरा आवास कालोनी निवासी श्याम (18) पुत्र कमलेश बुधवार की सुबह बाजार से घर लौट रहा था। तभी फर्रुखाबाद चौराहे के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह उछल कर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर एक अन्य सड़क दुर्घटना में हसेरन गांव निवासी ऋषभ (30) पुत्र विजय पाल और उसका साथी राहुल (22) पुत्र संतोष घायल हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। जिससे सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सप्रेस-वे पर हादसे में एक की गई जान
पांच घायल तिर्वा मेडिकल कालेज में भर्ती कराए गए
वृंदावन से शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो- 12सीएचबीपी55- दुर्घटना में घायल से जानकारी लेते दारोगा।