प्रदेश में जल्द ही एमबीबीएस की 200 सीटें बढ़ाई जाएंगी। एमसीआई के बांदा व जालौन के मेडिकल कालेजों में होने जा रहे विजिट को लेकर मान्यता दिलाने का पूरा प्रयास होगा। साथ ही बांदा मेडिकल कालेज में मार्च माह से ओपीडी शुरू हो जाएगी। इसके लिए चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
बदायूं मेडिकल कालेज भी आगामी जून माह से शुरू कराया जाएगा। मेडिकल कालेजों में जल्द ही दो हजार कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। यह जानकारी प्रदेश के नवनियुक्त चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक डा. वीएन त्रिपाठी ने दी।
राजकीय मेडिकल कालेज में शनिवार शाम मीडिया से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के मेडिकल कालेजों में आने वाले कैंसर व हृदय रोग, किडनी, गुर्दा जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों का उपचार अब मुफ्त किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शासनादेश जारी कर दिया है।
सभी मेडिकल कालेजों में मार्च माह के अंत तक आधुनिक सीटी स्कैन, एमआरआई व डिजिटल एक्सरे की मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेजों में चिकित्सा शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने एतिहासिक निर्णय लिया है।
अब चिकित्सा शिक्षक की भर्ती की सीमा में उम्र आड़े नहीं आएगी। मेडिकल कालेज में तैनात चिकित्सकों की सेवानिवृत्त सीमा 65 वर्ष कर दिए जाने व उनके वेतनमान में वृद्धि किए जाने यह कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में अलग से वार्ड गठित कर दिया गया है।
उपचार के लिए विशेष उपकरण भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। मेडिकल कालेजों में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए जल्द ही पैरा मेडिकल स्टाफ व समूह ग के दो हजार कर्मचारियों की तैनाती होगी। इसके लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
------------
मेडिकल स्टाफ ने किया स्वागत
कन्नौज मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.वीएन त्रिपाठी को डीजीएमई पद पर तैनाती मिलने से खुश चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ ने मेडिकल कालेज गेट पर उनका भव्य स्वागत किया। सीएमएस डा.दिलीप सिंह, ईएमओ डा.सादाब, मैट्रन बीना त्रिपाठी, नर्सेज संघ की अध्यक्ष कुसुम मौर्या ने बुके भेंट किए। एमबीबीएस स्टूडेंटस ने भी बुके भेंट किए। डीजीएमई शनिवार सुबह लखनऊ के जवाहर भवन में चार्ज लेने के बाद शाम को मेडिकल कालेज पहुंच गए थे।