कन्नौज। जनपद में खंड स्नातक और शिक्षक चुनाव के लिए 20 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। शुक्रवार को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार सुबह से ही 20 पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हुईं। वहीं, छह पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा गया है। जिले में खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 12 मतदेय स्थल और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस चुनाव में शिक्षक खंड के 1820 मतदाता और स्नातक खंड के 7831 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि मतदान शुक्रवार सुबह आठ शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। चुनाव को पारदर्शी और सुचारू रूप से कराने के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर और वीडियोग्राफर की तैनाती की गई है, जो पूरी मतदान प्रक्रिया पर बारीक नजर रखेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।
डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
खंड शिक्षक व स्नातक चुनाव में 1422 मतदाता करेंगे मतदान
गुरसहायगंज। नगर पालिका और तालग्राम ब्लॉक में 1422 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका में शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ संख्या 144 बनाया गया है, जहां 135 पुरुष और 48 महिला समेत 183 मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए यहां 499 पुरुष और 199 महिला समेत 698 मतदाता वोट डालेंगे। तालग्राम विकास खंड में दो बूथ बनाए गए हैं। बूथ संख्या 145 पर शिक्षक निर्वाचन के लिए 95 पुरुष और 27 महिला समेत 122 मतदाता हैं। बूथ संख्या 234 पर स्नातक निर्वाचन के लिए 309 पुरुष और 110 महिला समेत 419 मतदाता हैं। शिक्षक पद पर 12 और स्नातक पद पर 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।
फोटो :31: नगर पालिका के बूथ का निरीक्षण करते एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी। संवाद
एसडीएम ने परखी व्यवस्थाएं
छिबरामऊ/खड़िनी। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को तैयारी पूरी की। एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी और तहसीलदार न्यायिक गिरीश चंद ने तहसील क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। एसडीएम ने कहा कि मतदान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और किसी भी अराजक तत्व को मतदान परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि शिक्षक निर्वाचन के लिए चार बूथ बनाए गए हैं, जिसमें छिबरामऊ में एक नगर पालिका सभागार गुरसहायगंज, एक सौरिख में, एक तेराजाकेट क्षेत्र पंचायत मुख्यालय में एक है। वहीं, स्नातक निर्वाचन के लिए छह बूथों पर मतदान होगा। स्नातक चुनाव के लिए छिबरामऊ में दो विकास खंड कार्यालय खड़िनी में दो, ब्लॉक मुख्यालय सौरिख, नगर पालिका गुरसहायगंज में एक और क्षेत्र पंचायत कार्यालय तालग्राम में एक बूथ बनाया गया है। स्नातक में 4132 मतदाता तथा शिक्षक में 897 मतदाता मतदान करेंगे।
कई अधिकारियों की लगी ड्यूटी
कन्नौज। एमएलसी चुनाव में ड्यूटी लगने से विकास भवन के कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी चुनावी कार्य में व्यस्त हो गए। इसका खामियाजा आम फरियादियों को भुगतना पड़ा। जानकारी के अनुसार डीआरडीए, कृषि, पशु पालन सहित कई विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी एमएलसी चुनाव के लिए मतदान कार्य में लगा दी गई है। सुबह से ही कार्यालयों में अधिकारी नदारद रहे। पेंशन, आवास, शौचालय, जॉब कार्ड, शिकायत निस्तारण को लेकर आए ग्रामीणों को बाबुओं ने यह कहकर टरका दिया कि साहब चुनाव ड्यूटी पर हैं, कल आइए। कई कार्यालयों में तो ताला लटका मिला। दोपहर तक इंतजार के बाद फरियादी मायूस होकर लौट गए। छिबरामऊ से आईं मालती का कहना है कि चुनाव महत्वपूर्ण है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था भी होनी चाहिए। लोगों ने डीएम से मांग की कि फरियादियों की सुविधा के लिए रोस्टर बनाकर अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि चुनाव के साथ-साथ जनहित के कार्य भी प्रभावित न हों। सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास का कहना है कि एमएलसी चुनाव शासन का महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी विभागों में वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी फरियादी का काम नहीं रोका जाएगा।