कन्नौज। जिले में पुलिस की कमी दूर हो रही है। जिले में बेहतर-कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब तीन सौ सिपाहियों की तैनाती की गई है।
पुलिस महकमे में सिपाही व दरोगाओं की कमी का रोना अधिकारियों द्वारा अक्सर रोया जाता है। सिपाही पद पर लगातार की जा रहीं भर्तियों के चलते अब यह कमी धीरे-धीरे दूर होने लगी है। आगरा पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पासिंग आउट परेड कर 230 पुरुष सिपाहियों ने मंगलवार को जिले की पुलिस लाइन पहुंच कर आमद दर्ज कराई। वहीं पुलिस ट्रेनिंग सेंटर झांसी से आईं 64 महिला सिपाहियों ने भी आमद दर्ज कराई है। प्रतिसार निरीक्षक बृजेश पाठक के साथ सिपाहियों ने जिला मुख्यालय पर स्थित प्रशासनिक भवनों का पैदल भ्रमण किया। अधिकारियों से परिचय किया।
एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सोमवार तक इन सिपाहियों को थानों, कोतवाली और चौकियों में भेजकर ज्वाइनिंग के निर्देश दिए हैं। इनकी तैनाती से बेहतर पुलिसिंग के साथ ही अपराधों पर काबू करने में मदद मिल सकेगी।
जिले को मिले 300 नए जवान, चुस्त होगी सुरक्षा
प्रशासनिक भवनों का भ्रमण कर प्रतिसार निरीक्षक ने अधिकारियों से कराया परिचय, 24 घंटे में जिले के थानों में ज्वाइनिंग कराने के एसपी ने दिए निर्देश