कन्नौज। खराब मौसम में घने कोहरे से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसों का सिलसिला शुरू हो गया है। सर्दियों में घने कोहरों से हादसों की रोकथाम के लिए शासन ने एक्सप्रेस-वे पर 30 किलोमीटर की दूरी पर एक बेस स्टेशन बनाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही डीजीपी ने एक्सप्रेस वे पर पड़ने वाले सभी थानों व कोतवाली पुलिस के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर उन्नाव के बांगरमऊ में गाड़ियों के भिड़ने के बाद शासन ने एक्सप्रेस-वे पर हादसों को लेकर चिंता जाहिर की है। डीजीपी सुलखान सिंह ने एक्सप्रेस के दायरे में आने वाले जनपदों के पुलिस अधीक्षकों को खास दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कोहरे की धुंध में हादसों पर अंकुश लगाने के लिए एक्सप्रेस के दोनाें ओर 30 किलोमीटर की दूरी पर बेस स्टेशन बनाए जाएंगे। बेस स्टेशन पर स्थानीय थाने का एक उप निरीक्षक व चार सिपाही हर समय तैनात रहेंगे। इनके पास वायरलेस सेट, ब्रेथइनालाइट, स्पीड रडार, रेड व ग्रीन और यलो लाइट की इलेक्ट्रानिक राड समेत इंस्ट्रूमेंट होंगे। इसके अलावा बेस स्टेशन पर 24 घंटे डॉयल 100 यूपी पुलिस के साथ-साथ 108 एंबुलेंस भी रहेगी। कोहरे की धुंध के चलते गुजरने वाले वाहनों की स्पीड की निगरानी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों की पार्किंग भी कराई जाएगी जिससे हादसों की संख्या की रोकथाम की जा सके। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि एक्सप्रेस पर पड़ने वाले ठठिया और तिर्वा व तालग्राम और सौरिख, छिबरामऊ कोतवाली को कोहरे की धुंध के चलते पिकेट व बेस स्टेशन बनाकर 24 घंटे तैनात रहने को कहा गया है।
पड़ोसी जनपद के थानों से रहेगा मेलजोल
कन्नौज। डीजीपी द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है कि एक्सप्रेस वे पर पड़ने वाले जनपदों के सभी थाना प्रभारी व उप निरीक्षक एक दूसरे के संपर्क में रहेंगे। सभी के पास मोबाइल नंबर रहेंगे। सर्दियों के मौसम में अक्सर जैमिंग के चलते वायरलेस सेट काम करना बंद कर देते है। एक्सप्रेस व पर हादसा होते ही सभी थाना पुलिस एक्सप्रेस वे पर रेड लाइट के जरिये वाहनों की पार्किंग कराएगे।