बकाया बिल की अदायगी को लेकर आटा चक्की संचालक को निर्देश देते एक्सईएन शादाब अहमद।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। अक्तूबर माह में 11 करोड़ के वसूली के लक्ष्य को पूरा करने में बिजली विभाग के पसीने छूट रहे हैं। 21 दिन बीत चुके हैं और विभाग अभी साढ़े चार करोड़ पर ही पहुंच सका है। विभाग का शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं पर 180 करोड़ रुपये से अधिक बकाया है।
बकाया जमा करने में उपभोक्ता लापरवाही बरत रहे हैं। वसूली के काम में ठेकेदारी पर भी कर्मचारियों को लगाया गया है। विभाग के साथ ही निजी कंपनी की सात टीमें वसूली कर रही हैं। बिल जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसके बाद भी बकाया वसूली के लक्ष्य की पूर्ति नहीं हो पा रही है।
एक्सईएन शादाब अहमद ने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अभियान चलाकर बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। कटा कनेक्शन जुड़ा मिलने पर मुकदमा भी कराया जा रहा है। दो टीमें शहर में और पांच टीमें गांवों में चेकिंग कर रही हैं। समय पर बिल मिलने के बाद भी लोग जमा नहीं कर रहे हैं। इससे विभाग का करोड़ों रुपया उपभोक्ताओं पर बकाया हो गया है। अक्तूबर माह की अंतिम तिथि तक लक्ष्य पूरा करने का प्रयास जारी है।