कन्नौज। बुखार से पीड़ित वृद्ध की उपचार के दौरान कानपुर में मौत हो गई। वहीं एलाइजा जांच में 20 में डेंगू की पुष्टि हुई है। इधर, मंगलवार को जिला अस्पताल की रैपिड जांच में 10 और डेंगू पॉजिटिव निकले हैं। बुखार और डेंगू से शहर के कई मोहल्लों समेत गांव में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने गांव, शहर में 19 जगह कैंप लगा कर मरीजों को उपचार देने का दावा किया है। बुखार व डेंगू प्रभावित गांवों की सफाई कराई जा रही है। मंगलवार तक जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 108 पहुंच गई। अधिकारियों ने गांवों का भ्रमण कर उपचार, सफाई की हकीकत जांची।
जिले में डेंगू व बुखार का कहर जारी है। सोमवार को जिला अस्पताल के निकट जसौली निवासी मुन्ना खां की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह तीन दिन पहले जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद कानपुर उपचार कराने गए थे। जिले में डेंगू के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। एलाइजा जांच में 20 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। मंगलवार को जिला अस्पताल की रैपिड जांच में 10 मरीज डेंगू पॉजिटिव निकले। इनमें सदर कोतवाली की महिला सिपाही भी शामिल है। मंगलवार को आई डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट में ठठिया, मियांगंज, जलालपुर पनवारा, हौदापुर्वा, शहर के मोहल्ला लुधपुरी, तेरामल्लू समेत कई अन्य गांवों व मोहल्ले के लोग शामिल हैं। बुखार व डेंगू पर नियंत्रण पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रियता बरत रहा है। रोग से निजात नहीं मिल रही है। हर रोज कोई न कोई गांव व शहर का नया मोहल्ला डेंगू की चपेट में आ रहा है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग खासा परेशान है। टीमों को लगाकर कैंप कराया जा रहा है। इसके बाद भी मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। जलभराव और गंदगी से पनप रहे रोगों से निजात के लिए सीएमओ समेत अन्य जिले के अधिकारी गांव-गांव भ्रमण कर रहे हैं।
अस्पतालों में मरीजों की लग रही भीड़
जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लग रही है। इनमें ज्यादातर बुखार से पीड़ित होने के बाद भी अस्पताल में भर्ती नहीं हो रहे हैं। ओपीडी में पहुंच कर डॉक्टर से उपचार ले रहे हैं। मंगलवार को 300 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे। इनमें अधिकतर बुखार, खांसी व जुकाम से पीड़ित थे। इन सभी की जांच के बाद चिकित्सक ने उपचार दिया। जिला अस्पताल में 200 से अधिक मरीजों की जांच की गई। इनमें 30 की डेंगू जांच हुई। बुखार पीड़ित मरीजों की जांच में प्लेटलेट्स की कमी मिल रही है। इससे मरीज तत्काल अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार ले रहे हैं।
यहां स्वास्थ्य विभाग के लगे कैंप
डेंगू की रोकथाम के लिए शहर व गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगा कर उपचार दिया। जिला टीम ने शहर के मोहल्ला मकरंदनगर, कुतलूपुर, हौदापुर्वा में कैंप लगाया। सीएचसी कन्नौज की टीम ने तेरामल्लू, तिखवा, शहर के मोहल्ला लुधपुरी व आकिलपुर गांव में कैंप किया। जलालाबाद की टीम ने शहर के मोहल्ला शेखाना, काजीपुरा, ककलापुर में कैंप लगाया। गुगुरापुर की टीम ने चिंतामणि, पठकाना में कैंप लगाया। उमर्दा की स्वास्थ्य टीम ने कालिका नगर, मझिला में कैंप लगाया। छिबरामऊ की टीम ने कांशीराम कालोनी में कैंप लगाया। तालग्राम की टीम ने मयानगर, विलंदपुर में कैंप किया। हसेरन की टीम ने राजपुर करना में कैंप किया। सौरिख की टीम ने कटघरा गांव में कैंप लगा कर मरीजों को उपचार दिया।