आवाज सुनकर महेंद्र बाहर आया और अरुण को गाली देने से मना किया। इस पर आरोपी अरुण सहरिया ने महेंद्र के साथ लाठी से मारपीट कर दी और पास में स्थित दुकान से एक किलोग्राम का लोहे का बांट उठाकर महेंद्र के सिर पर मार दिया। इससे महेंद्र घायल होकर गिर गया। आनन-फानन में घायल महेंद्र को महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना सौजना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक दो भाई-एक बहन में बड़ा था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। वहीं घटना का कारण गांव के लोगों द्वारा आरेापी युवक के शराब के नशे में होने के चलते बताया जा रहा है। पुलिस घटना की प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
इस बात को लेकर हुई घटना
पुलिस हिरासत में आरोपी अरुण सहरिया ने बताया कि शुक्रवार की रात को वह गांव में स्थित दुकान पर शराब के नशे में खड़ा था। इसी दौरान वहां पर महेंद्र की मां शक्कर बाई आ गई थीं। शक्कर बाई ने उससे दुकान से दूर हट जाने की बात कही। जिस पर वह आक्रोशित हो गया था और शक्कर बाई से गाली-गलौज करते हुए उसे धक्का दे दिया था। सामान लेने के बाद जब शक्कर बाई अपने घर गई तो वह भी पीछे चला गया था। यहां वह गाली दे रहा था। तभी वहां महेंद्र आ गया और मां को गाली देने से मना करने लगा था। इस पर उसने महेंद्र की पिटाई कर दी थी और पास की दुकान से एक किलोग्राम का बांट उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया था। इतने में उसका पिता रामलाल व भाई विशाल आ गए थे। तब उन तीनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस की निगरानी में हुआ अंतिम संस्कार
शनिवार शाम को मृतक महेंद्र के शव को ग्राम छापछौल ले जाया गया। यहां थाना सौजना पुलिस की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
मुकदमा दर्ज, तीनों आरोपी गिरफ्तार
मृतक महेंद्र की मां शक्कर बाई की तहरीर पर अरुण सहरिया, रामलाल, विशाल सहरिया निवासी ग्राम छापछौल के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट, धमकी देने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
मृतक की मां की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है। -अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक