झांसी। शनिवार की रात पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने इलाइट पुलिस चौकी में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। युवक को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
बृहस्पतिवार को बरुआसागर निवासी ट्रांसपोर्टर अरविंद कुमार गुप्ता मेडिकल कॉलेज से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ट्रांसपोर्टर की तलाश में जुटी नवाबाद थाना पुलिस ने बरुआसागर के कटरा मुहल्ला निवासी अजय सोनी उर्फ सेठ सोनी को शनिवार की शाम पूछताछ के लिए बुलाया था।
पूछताछ के बाद रात में उसे थाना नवाबाद की इलाइट चौकी में रखा गया। रात में एक से डेढ़ बजे के बीच वह शौचालय में गया। वहां उसने रोशनदान के सहारे शर्ट से फांसी लगा ली। काफी देर तक युवक जब शौचालय से बाहर नहीं आया तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को शंका हुई। उन्होंने शौचालय का दरवाजा खोला तो अजय फंदे पर लटका मिला। तत्काल उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की। अजय सोनी को गंभीर हालत में वेंटीलेटर पर रखा गया है।
ट्रांसपोर्टर के गायब होने के मामले में पूछताछ के लिए चार-पांच युवकों को बुलाया गया था। रात में देर होने की वजह से अजय सोनी चौकी में रुक गया था। मध्य रात्रि में उसने शौचालय में फांसी लगा ली। जानकारी होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
- राजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी