गुरसराय। थाना गुरसराय क्षेत्र के भस्नेह बांध पर युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए वहां गया था। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, टहरौली थाना क्षेत्र के ग्राम धवारी निवासी नंदलाल का पुत्र मुकेश (19) अपने दो दोस्तों के साथ भस्नेह बांध गया था। तीनों दोस्त बांध में नहा रहे थे। इसी दौरान मुकेश नहाते समय गहरे पानी में चला गया। वह डूबने लगा। जब तक उसे पानी से बाहर निकाला जाता, उसकी जान जा चुकी थी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गुरसराय थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक की डूबने से ही मौत हुई है। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच की जा रही है।