जिले के ग्राम मैलार में गुरुवार की रात तालाब पर शौच के लिए गए आदिवासी मजदूर को मगरमच्छ ने पानी में खींचकर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह श्रमिक का शव लोगों को तालाब में तैरता दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार की रात्रि को लगभग नौ बजे ग्राम मैलार निवासी सूका उर्फ सुखनंदन (35) पुत्र हद्दू अपने घर के पास बने तालाब में शौच के लिए गया था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने मजदूरी पर जाने का अनुमान लगाकर खोज नहीं की। सुबह जब गांव के बच्चे तालाब की ओर गए तो वहां उन्हें शव उतराता दिखाई दिया, जिसकी जानकारी गांव वालों को दी गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मृतक के भाई चऊदा ने दी है। उन्होंने बताया कि उसका भाई गांव के ही एक किसान के यहां पर मजदूरी करता था। खाना व रहना भी उसी किसान के यहां पर था, कभी- कभी ही घर पर आता था। बृहस्पतिवार को भी यही अनुमान लगाया गया कि शौच के बाद वह किसान के खेत पर पहुंच गया होगा। मृतक की दस वर्ष पूर्व शादी हुई थी। पत्नी की भी मौत हो चुकी है। उसके कोई संतान नहीं है।
इसके पहले एक गाय को भी खींच लिया था
ग्राम मैलार निवासी चऊदा ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में मगरमच्छ ने एक गाय को भी पानी में खींच लिया था। इसे ग्रामीणों ने देख लिया और पत्थर मारकर गाय को छुड़ाया। इस दौरान मगरमच्छ ने गाय का एक पैर जख्मी कर दिया था।
मृतक शौच के बाद तालाब में पानी लेने गया था, जहां मगरमच्छ ने हमला कर दिया। उसके शरीर पर गहरे जख्म थे-
कृष्णपाल सरोज, राजघाट पुलिस चौकी प्रभारी