झांसी। दतिया निवासी भावेश प्रजापति ने पैसों की वसूली के लिए कुछ लोगों पर अगवा कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए सदर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। भावेश ने पुलिस को बताया कि उसे झांसी होटल के पास बुलाया गया। यहां कार मेें बिठाकर उसे अगवा कर लिया। पैसा देने का भरोसा देने पर छोड़ा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भावेश ने पुलिस को बताया कि 16 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने ममेरे भाई अरविंद के साथ इलाइट चौराहे पर था। इसी दौरान बबीना निवासी कृष्णा ने फोन करके उसे झांसी होटल के पास बुलाया। यहां बबीना निवासी मोहित भी अपने कई साथियों के साथ आ पहुंचा। आरोपियों ने उसे कार में बिठा लिया। दतिया के आनंद टाॅकीज के पास रहने वाले दीपराज के बहाने पैसों की मांग करने लगे। पैसा देने का भरोसा दिलाने पर उसे छोड़ा गया। भावेश का आरोप है कि आरोपी जुआ और सट्टे का काम करते हैं। थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी के मुताबिक प्रारंभिक छानबीन में सट्टेबाजी के पैसों को लेकर विवाद की बात सामने आई। मामले की आगे जांच कराई जा रही है।