ललितपुर में एक युवक ने जहर खाकर जान दे दी। उसने सुसाइड नोट में आत्महत्या की वजह लिखी है। साथ ही मम्मी, पापा और सभी परिवार सदस्यों के लिए भी लिखा है। युवक के पिता ने तहरीर में एक लड़की समेत चार पर उकसाने का आरोप लगाया है।
ललितपुर के युवक ने सुसाइड नोट में मम्मी, पापा और सभी परिवार सदस्य माफ कर देना, मैं जिंदा नहीं रह पा रहा हूं...लिखकर युवक ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुसाइड नोट में युवक ने एक लड़की और उसके तीन परिजनों को आत्महत्या के लिए उकसाने की बात लिखी।
विज्ञापन
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर लड़की सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि सोमवार को उसका 23 वर्षीय पुत्र बाइक से दुकान का सामान लेने बाजार गया था।
इसके बाद जब वह वापस लौटकर आया तो लड़खड़ा रहा था। ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। इसका कारण पूछा तो उसने बताया कि उसने जहर खा लिया। वह तत्काल उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
विज्ञापन
झांसी ले जाते समय रास्ते में उसके पुत्र की मौत हो गई। मृतक के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पुत्र बीकॉम तक पढ़ा था और उसकी दोस्ती मोहल्ले की ही एक लड़की से थी। दोनों के बीच आपस में फोन पर बातचीत होती थी।
लड़की के घरवाले डराते और धमकाते थे
इस बात को लेकर लड़की के घरवाले पिता, मौसा, मौसी उसके पुत्र को डराते, धमकाते थे। 5 व 6 जुलाई को लड़की और उसके पिता, मौसा व मौसी ने उसके पुत्र को प्रताड़ित किया, धमकी देकर घर बुलाया था।
यह लोग उसके पुत्र को कहीं भी रोककर गाली गलौज कर अपमानित करते थे। आरोपियों की प्रताड़ना के चलते ही उसके पुत्र ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक युवक के पास से एक दो पेज का सुसाइड नोट मिला।
जिसमें उसने आत्महत्या करने का कारण और अंत में लिखा कि मम्मी, पापा और सभी परिवार सदस्य माफ कर देना, मैं जिंदा नहीं रह पा रहा हूं। आप लोगों को कुछ भी बात नहीं बताई, इसके लिए माफ कर देना। लेकिन इन लोगों को सजा जरूर दिलवाएं।
युवके पिता की तहरीर पर केस दर्ज
इसके साथ ही आत्महत्या के लिए लड़की, उसके पिता और मौसा, मौसी को मजबूर करने की बात लिखी। पुलिस ने मृतक युवक के पिता की तहरीर पर लड़की और उसके पिता सहित मौसा, मौसी के खिलाफ आत्महत्या को दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
...वह गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड थे यह बात बस, अब बात नहीं करूंगा
मरने से पूर्व युवक ने लिखे सुसाइड नोट में बताया कि लड़की उससे बात करती थी। वह गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड थे बस, अब से बात नहीं करूंगा, न ही मतलब रखूंगा। लेकिन इन लोगों ने एक नहीं मानी और अपनी बेटी को भी कुछ नहीं बोला था, गलत ठहराया हो ऐसा कुछ भी नहीं किया। सुसाइड नोट में युवक ने यह भी लिखा कि जब आरोपी उसे अपने घर पर बैठाए थे तो जबरन एक पत्र लिखवाया। जिस पर उससे हस्ताक्षर भी कराए थे।
आशा करता हूं, इन लोगों को सजा मिले
सुसाइड नोट में युवक ने लड़की और उसके परिजनों द्वारा प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की बातें लिखीं। साथ ही चारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
यह भी लिखा कि उसके द्वारा गलत कदम उठाने के पीछे की वजह यही सब है। इन्हीं चार लोगों को सजा दिलाई जाए। इसके बाद चारों के नाम लिखे और अंत में लिखा कि आशा करता हूं, इन लोगों को सजा मिले।