- आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
एरच। थाना एरच इलाके में दस साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक बालिका को सुकन्या योजना का फार्म भरवाने के बहाने उसके घर से ले गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एरच थाना इलाके के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके जरिये बताया कि सोमवार सुबह तकरीबन 11 बजे गांव का रहने वाला युवक उनके घर आया और उसकी नातिन को सुकन्या योजना का फार्म भरने के लिए अपने साथ ले गया। फार्म भरने के बाद युवक बालिका को अपने घर ले गया। वहां युवक ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। बालिका ने घर आकर रो-रोकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
इस मामले में एरच थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।