झांसी के धमना खुर्द मोड़ के पास विवाह समारोह से लौट रहे बाइक सवार युवक की एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व बच्चा घायल हो गया।
झांसी में विवाह समारोह से वापस लौटते समय बरुआसागर के धमना खुर्द मोड़ के पास मार्ग दुर्घटना में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी एवं उसका नौ साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक निवाड़ी (मप्र) के किशोरपुरा निवासी राहुल अहिरवार (21) पुत्र मेहरबान अपनी मौसी की लड़की की शादी में शामिल होने चिरगांव के पहाड़ी बुजुर्ग गांव गया था। उसके साथ पत्नी विनीता एवं नौ माह के बेटा शुभम भी थे। वैवाहिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद मंगलवार देर रात वह पत्नी को लेकर बाइक से घर लौट रहा था। विनीता ने गोद में बच्चे को ले रखा था। उनकी बाइक जैसे ही धमना खुर्द मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
पुलिस का कहना है राहुल को गंभीर चोट आ गई जबकि विनीता एवं मासूम शुभम को मामूली चोट आई। पुलिस तीनों घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया जबकि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। राहुल की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी।