झांसी। डाक घर से पार्सल करने के लिए अब आपको घर से पैकिंग कर ले जाने की जरूरत नहीं है। आप तो सिर्फ पार्सल लेकर डाकघर आइए, डाक कर्मचारी द्वारा ही पार्सल को पैक किया जाएगा। विभाग द्वारा पार्सल पैकिंग पॉलिसी को शुरू किया गया है। इसके लिए पार्सल भेजने वाले व्यक्ति को सिर्फ दस रुपये अतिरिक्त अदा करना होगा।
नई पार्सल पैकिंग पालिसी के अनुसार पार्सल को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाना विभाग का लक्ष्य है। पार्सल की पैकिंग में इस्तेमाल किए जाने वाले कपड़े पर रोक लगा दी गई है। छोटे-छोटे पार्सलों को विभिन्न साइजों के कागज में सील पैक करने के साथ ही बीओपीपी टेप को लगाया जाएगा। जिससे की पार्सल के भीतर की वस्तुएं डिस्पेच एवं वितरण के समय क्षतिग्रस्त नहीं हों। पार्सल को अतिरिक्त पैकिंग के लिए बबल व्रैप, एयर बैग या गत्ता का उपयोग किया जाएगा जो गंतव्य तक पहुंचाने तक सुरक्षित रखेगा। नई पॉलिसी के अनुसार विभाग द्वारा पार्सल की पैकिंग को इस तरह से सुरक्षित किया जाएगा कि किसी दशा में पार्सल को किसी भी तरह का नुकसान नहीं हो। विभाग द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। अगले सप्ताह तक डाकघरों से व्यवस्था को शुरू कर दिया जाएगा।
इस संबंध में प्रवर डाक अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि नई पार्सल पॉलिसी के अनुसार पार्सलों को आधुनिक व्यवस्थाओं के तहत पैक किया जाएगा। इसके लिए विभागीय कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही पैकिंग की सुविधा को शुरू कर दिया जाएगा।