अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पैरामेडिकल कॉलेज में एबीवीपी कानपुर प्रांत के 64वें अधिवेशन के शुभारंभ पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा का माहौल बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को 71 राजकीय महाविद्यालय दिए हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को और बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे।
मंत्री ने कहा कि एबीवीपी राष्ट्र के प्रति समर्पित है। प्रांत में जुटे कई जिलों के लगभग 1300 छात्र यहां से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और दायित्वों का ध्येय निश्चित करके आगे बढ़ेंगे। एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री राहुल राणा ने कहा कि शिक्षा परिसर से लेकर देश की सीमाओं तक एबीवीपी कार्य कर रहा है। राष्ट्र का एकत्व ही एबीवीपी का लक्ष्य है। विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन देने में एबीवीपी की अहम भूमिका है।
प्रांत अध्यक्ष डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने कहा कि नई शिक्षा नीति से भारतीय दर्शन और सांस्कृतिक विचारों की घर वापसी हुई है। बीते एक-दो सालों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के हिसाब से कई परिवर्तनों की आधारशिला रखी गई है। बीयू कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने कहा कि वर्तमान में यूपी के शिक्षा परिदृश्य में आशातीत बदलाव हुआ है। चरखारी के राजकीय कॉलेज के प्राचार्य प्रो. श्याम शंकर सिंह ने कहा कि युवा छात्राें का हुजूम रानी लक्ष्मीबाई की भूमि पर नए भारत की हुंकार भर रहा है। इस दौरान प्रांत मंत्री शिवाराजे बुंदेला, घनश्याम शाही, मनीष राय, रसकेंद्र गौतम, अखिलेश तिवारी, ज्ञानेंद्र, शुभम, अमित चिरवारिया, राजीव सेंगर, मनेंद्र गौर आदि मौजूद रहे।