संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेलवे मंडल में विकास कार्यों के चलते ट्रेनों के मार्ग बदले गए थे, लेकिन यात्रियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्हें लगा कि वह जिस ट्रेन में सवार हुए हैं, वह झांसी जाएगी। लंबे इंतजार के बाद पता चला कि ट्रेन का मार्ग परिवर्तित है, झांसी नहीं जाएगी, तब यात्री ट्रेन से उतरे और दूसरी ट्रेनों से झांसी पहुंचे। परेशान यात्रियों ने बताया कि उनके साथ लगभग डेढ़ हजार लोग परेशान हुए हैं।
19 दिसंबर को रेलवे ने पत्र जारी कर यात्रियों को सूचित कर दिया था कि मंडल के संदलपुर-आंतरी स्टेशन पर विकास कार्य कराए जाने हैं। ऐसे में ट्रेनों का संचालन बदले मार्ग से किया जाएगा। जिन लोगों के पास आरक्षित टिकट थे, उन्हें भी मैसेज पहुंच गया था लेकिन लगभग डेढ़ हजार यात्रियों ने इसका ध्यान नहीं रखा। 20, 21 और 22 दिसंबर को हजरत निजामुद्दीन, फिरोजपुर कैंट और नई दिल्ली से चलकर झांसी की ओर आने वालीं ट्रेनों को रेलवे ने मथुरा और आगरा कैंट से डायवर्ट कर दिया था। जिन ट्रेनों को आगरा कैंट, ग्वालियर और झांसी आनी थी, वह बयाना-सोगरिया-रुठियाई-बीना के रास्ते आगे निकल गईं। इन्हीं ट्रेनों में आगरा, ग्वालियर और झांसी आने वाले यात्री सवार हो गए थे। झांसी पहुंचने के बाद यात्रियों ने बताया कि उन्हें नहीं मालूृम था कि ट्रेन का मार्ग बदला गया है।
इन स्टेशन से दूसरे रूट पर मुड़ गई थीं ट्रेनें
12808 हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम, 12628 नई दिल्ली-बेंगलुरु, 12626 नई दिल्ली-तिरुवानंतपुरम, 12780 हजरत निजामुद्दीन-वास्को डी गामा, 12644 हजरत निजामुद्दीन-तिरुवानंतपुरम एक्सप्रेस मथुरा से बीना के लिए मुड़ गई।
12708 हजरत निजामुद्दीन-तिरुपति एक्सप्रेस आगरा से बीना के लिए मुड़ गई।
12618 हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ग्वालियर से बीना के लिए मुड़ गई।
12191 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस डबरा से गुना के लिए मुड़ गई।
11123 ग्वालियर-बरौनी मेल डबरा से भिंड-इटावा के लिए मुड़ गई।
ग्वालियर-बरौनी स्पेशल एक्सप्रेस डबरा से भिंड के लिए मुड़ गई।
बोले यात्री
हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे अरुण नगाइच ने बताया कि वह झांसी के लिए ट्रेन में सवार हुए थे। उनके साथ दिल्ली से लगभग 80 यात्री और बैठे थे। ट्रेन जब आगरा से मुड़ी, तब उन्हें पता चला कि ट्रेन झांसी नहीं जाएगी। इसके बाद सभी लोग बीना उतरे और वहां से झांसी आए।
हजरत निजामुद्दीन-वास्को डी गामा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार यात्री ने बताया कि वह झांसी आ रहे थे लेकिन जब रात 12 बजे तक झांसी नहीं आया तो उन्होंने पता किया। इस पर पता चला कि ट्रेन तो मथुरा से ही मुड़ गई है और झांसी नहीं जाएगी। बताया कि वह भोपाल में उतरे और दूसरी ट्रेन से झांसी पहुंचे। ट्रेन में झांसी आने वालों में महिलाएं भी थीं।
वर्जन
ट्रेनों के मार्ग बदलने की सूचना पहले ही जारी की जा चुकी थी। मीडिया में भी खबर प्रकाशित हुई थी। यात्रियों से यह अपील की गई थी कि वह यात्रा शुरू करने से पहले 139 पर कॉल कर ट्रेनों की जानकारी कर लें। आरक्षित टिकट वाले सभी यात्रियों के पास इस डायवर्जन का मैसेज भी भेज दिया गया था। - मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, झांसी