संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। तीन दिन पहले शटडाउन लेकर बबीना क्षेत्र में पोल पर चढ़कर काम करते समय अचानक करंट आ जाने से संविदाकर्मी पहलवान राजपूत की मौत के मामले में प्रबंध निदेशक ने एक्सईएन रमाकांत दीक्षित व एसडीओ शोभित राम को भी निलंबित कर दिया है। जेई को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
तीन मार्च को संविदाकर्मी पहलवान राजपूत (30) को 11 हजार केवी लाइन का जंफर जोड़ने के लिए बुलाया गया था। जब वह खंभे पर काम कर रहा था उसी समय लापरवाही हुई और लाइन चालू कर दी गई थी। करंट लगने से सिमरिया गांव निवासी पहलवान झुलस गया था। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। पहले दिन एसएसओ अरविंद कुमार को नौकरी से हटा दिया गया था व अवर अभियंता अनिल यादव को निलंबित कर दिया गया था। साथ ही मुख्य अभियंता केपी खान ने आख्या आगरा भेज दी थी। इसके आधार पर एमडी ने एक्सईएन (ग्रामीण) रमाकांत दीक्षित व एसडीओ भेल शोभित राम को निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान दोनों अलीगढ़ मुख्यालय संबद्ध रहेंगे। मृतक पहलवान की अगले महीने शादी होने वाली थी। मुख्य अभियंता केपी खान ने बताया कि एमडी ने एक्सईएन व एसडीओ को निलंबित कर दिया है।