संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद एस्ट्राेटर्फ स्टेडियम में अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी महिला हॉकी प्रतियोगिता के पहले दिन छह मुकाबले खेले गए। साई एनसीओई भोपाल, एमपी अकादमी ग्वालियर, उत्तर प्रदेश एकादश, सीओई रांची झारखंड विजयी रही।
एनसीसी सोनीपत हरियाणा व एनसीओई कोलकाता के बीच मैच ड्रा रहा। 17 से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों की 12 महिला हॉकी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एनसीसी सोनीपत (हरियाणा) और एनसीओई कोलकाता के बीच खेला गया। मैच 0-0 गोल से ड्रा रहा। प्रतियोगिता में दोनों ही टीमों के बीच संघर्षपूर्ण मुकाबला हुआ। मैच के प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चौथे क्वार्टर में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं दाग सकीं। दूसरा मैच साई एनसीओई भोपाल और एनसीओई सोनीपत हरियाणा के मध्य खेला गया। साई एनसीओई भोपाल 3-1 गोल से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से कप्तान ज्योति एडूला ने 44वें व 57वें मिनट में दो गोल दागे। वहीं, मरीना लालरमन ने 23वें मिनट में एक गोल किया। जवाब में एनसीओई सोनीपत हरियाणा की ओर से देविका सेन ने एक गोल किया। तीसरा मैच स्टील प्लांट भिलाई (छत्तीसगढ़) और एमपी अकादमी ग्वालियर के मध्य खेला गया। एमपी अकादमी ग्वालियर 5-0 गोल से विजयी रही। विजेता टीम की ओर से मैच में अमनप्रीत कौर, आंचल साहू, ललिता ने एक-एक गोल व साधना सेंगर ने दो गोल किया। चौथा मैच खालसा हॉकी अकादमी पंजाब और उत्तर प्रदेश एकादश के बीच खेला गया। 2-0 गोल से उत्तर प्रदेश एकादश की टीम ने मैच जीता।पांचवां मैच एनईआर गोरखपुर और सीओई रांची, झारखंड के मध्य हुआ। मैच में 3-5 गोल से सीओई रांची, झारखंड विजयी रही।छठवां मैच यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और स्पोर्ट हॉस्टल राउरकेला उड़ीसा के मध्य खेला गया। दाेनों टीमें 1-1 गोल से बराबर रहीं। इससे पूर्व प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि सांसद अनुराग शर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभारंभ किया।