झांसी। जिला महिला अस्पताल में अस्पताल प्रबंधन द्वारा पर्चा काउंटर पर एक निजी सफाई कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। जिसका असर अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था का जिम्मा एक निजी कंपनी को दिया गया है। कंपनी द्वारा अस्पताल की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कई कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। सफाई कर्मचारियों द्वारा ओटी, लेबर रूम, वार्ड, चिकित्सकों के कक्षों सहित अस्पताल परिसर की सफाई की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके एवज में अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगभग ढाई लाख रुपये प्रतिमाह अदा किया जाता है। लेकिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा एक सफाई कर्मचारी की ड्यूटी महिलाओं के पर्चा बनाने में लगा दी गई है। जिसके चलते अस्पताल की सफाई व्यवस्था बाधित हो रही है। इस संबंध में अस्पताल के मैनेजर जनमेजय शाक्य ने बताया की किसी भी निजी सफाई कर्मचारी की ड्यूटी को लगाना नियम विरुद्ध है। पूरे प्रकरण की जानकारी की जाएगी।