झांसी। पति ने थप्पड़ मारा तो पत्नी ट्रेन से कटकर जान देने पहुंच गई। गनीमत रही कि समय पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। बाद में महिला और पति के बीच समझौता कराकर उन्हें घर भेज दिया गया। दोनों ने डेढ़ साल पहले ही अपने-अपने परिवारों के विरोध के बावजूद लव मैरिज की थी।
नई बस्ती निवासी कुमकुम का पति आकाश से सोमवार की सुबह किसी बात को लेकर झगड़ा गया था। इस बीच आकाश ने कुमकुम को थप्पड़ जड़ दिया। इससे गुस्साई कुमकुम आत्महत्या के लिए ग्वालियर रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। कुमकुम ट्रैक के किनारे बैठकर रोते हुए ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थी। इसी बीच पेट्रोलिंग कर रही आरपीएफ की टीम की नजर उस पर पड़ गई। टीम उसे समझा बुझाकर थाने ले गई। सूचना पर पति और कुमकुम की मां भी थाने पहुंच गई। यहां महिला को समझाया गया और पति को भी अच्छा व्यवहार करने के लिए हिदायत दी गई। इसके बाद महिला अपने पति के साथ घर चली गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आरके कौशिक ने बताया कि कुमकुम और उसका पति आकाश शादी से पहले पुलिया नंबर नौ में आमने-सामने रहते थे। दोनों अलग-अलग जातियों से हैं, इससे उनके परिवार वाले शादी के पक्ष में नहीं थे। बावजूद इसके दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद से दोनों नई बस्ती में रह रहे थे। महिला को उसके पति के साथ भेज दिया गया है।