झांसी। भारी बारिश से सिंध नदी का पानी उफान पर आने के बद मध्यप्रदेश प्रशासन ने पुल को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। इसके चलते बुधवार को झांसी-ग्वालियर हाईवे पर वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया। डबरा, ग्वालियर की ओर जाने वाले वाहनों को दतिया के चिरूला और ग्वालियर से आने वाले वाहनों को डबरा में रोक लिया गया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मध्य प्रदेश के दतिया अंचल में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। इसे नदी-नाले उफान पर हैं। दतिया-डबरा के बीच से बहने वाली सिंध नदी का जल स्तर बढ़कर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। नदी का पानी इस पर बने पुल से सटकर बह रहा है। इसके अलावा पानी का वेग तेज होने की वजह से पुल पर कई जगह दरारें आ गईं हैं। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए सिंध नदी के पुल पर आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बुधवार को सुबह से ही ग्वालियर, आगरा, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को दतिया से पहले चिरूला में रोक लिया गया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी नजर आईं। तमाम गाड़ियां वापस लौटती हुई दिखीं। यही स्थिति सिंध नदी के पुल के उस और भी बनी रही। वहां झांसी की ओर आने वाले गाड़ियां फंसी रही। हालांकि, देर शाम सिंध नदी का जल्द स्तर थोड़ा कम हुआ, लेकिन खतरा अब भी बना हुआ है।
तीन पुल बहे, सेंवढ़ा का ग्वालियर और भिंड से संपर्क कटा
झांसी। सिंध नदी में पानी का वेग तेज होने की वजह से इस पर बने तीन पुल बह गए। इससे दतिया के सेंवढ़ा का ग्वालियर और भिंड से संपर्क टूट गया। सिंध नदी पर बना लांच से इंदरगढ़ को जोड़ने वाला पुल पानी के तेज बहाव की वजह से मंगलवार को बह गया। इसके कुछ देर बाद ही क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रतनगढ़ वाली माता मंदिर पर जाने वाला पुल बह गया। दस साल पुराना ये पुल पानी की तेज रफ्तार के सामने ज्यादा देर नहीं टिक पाया और ताश के पत्तों की तरह ढह गया। वहीं, बुधवार को सनकुआं धाम पर सिंध नदी पर बना पुल भी नदी के पानी में बह गया। ये पुल ग्वालियर और भिंड मार्ग को जोड़ता था।
सिंध माता को चढ़ाई चुनरी
झांसी। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण सिंध नदी उफान पर है। पानी अपने पूरे वेग के साथ बह रहा है। इसके रौद्र रूप को शांत करने के लिए चुनरी चढ़ाने की पुरानी मान्यता है। यह काम राज परिवार की ओर से किया जाता है। बुधवार को दतिया राज परिवार के संरक्षक सेंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह अपने परिवार के सदस्यों के साथ सनकुआं धाम स्थित मंदिर पर पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सिंध मैया को चुनरी अर्पित की और आरती उतारी। रौद्र रूप शांत करने की प्रार्थना की।