झांसी। जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के अंतर्गत ललितपुर जिले के ब्लाक मड़ावरा के सैदपुर, कुम्हैड़ी एवं गौना नाराहट ग्राम समूह पेयजल योजना में शामिल जामनी बांध के नजदीक ग्राम बहादुरपुर में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से जलापूर्ति आरंभ कर दी गई। गांव की लगभग 1200 आबादी को 365 घरेलू कनेक्शन देकर ग्रामीणों को 55 लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से पीने का शुद्ध पानी मिलेगा।
ग्राम बहादुरपुर में पेयजल आपूर्ति शुरू करने के बाद गांव में आयोजित खुली चौपाल में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति लवकुश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जामनी बांध से कच्चा पानी प्राप्त करके योजना के अंतर्गत बनाए गए जल शोधन संयंत्र से पानी शुद्ध कर आसपास के करीब सौ गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरू करने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। गांवों में काम चल रहा है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 1360.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा है। जिले भर में 4370 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इससे 1700366 घरेलू पेयजल कनेक्शन देकर लोगों को शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। महीने के अंत तक 22 गांवों में जलापूर्ति आरंभ कर दी जाएगी। मार्च तक जिले के सभी गांवों में शुद्ध पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। इसे समय पर पूरा कर लिया जाएगा। ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की उपयोगिता एवं पेयजल की जांच के लिए खुली बैठकें, नुक्क्ड़ नाटक, दीवार पेंटिंग, प्रभात फेरियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि पानी का दुरुपयोग न करें।
इस मौके पर नोडल अधिकारी इंजीनियर बीके लिटौरिया, मीडिया प्रभारी लखनऊ राधेकृष्ण त्रिपाठी, ग्राम प्रधान बहादुरपुर विश्वनाथ त्रिपाठी, जल निगम के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, पीएमसी के टीम लीडर हरिश्चंद्रा, जेएमसी, जेडब्ल्यूआईएल के अभियंता, कमलेश निरंजन, विशाल गंधर्व आदि मौजूद रहे।
प्रत्येक व्यक्ति को मिलेगा 55 लीटर शुद्ध पानी
जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को 55 लीटर शुद्ध पानी मिलेगा। यह पानी आरओ की तरह शुद्ध होगा। इस कारण लोगों को बीमारियां कम होंगी। अभी तक गांवों में शुद्ध पानी का कोई इंतजाम नहीं होने के कारण अक्सर ग्रामीणों को कई तरह कह बीमारियां होती रहती हैं। घरों में जो नल लगाए जाएंगे, उनमें ऐसा वाल्व फिट रहेगा कि एक घंटा की जलापूर्ति में लिमिटेउ पानी मिलेगा। जिस परिवार में जितने सदस्य हैं, वाल्व को उसी के अनुसार लगाया जाएगा।