अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार शाम बबीना फिल्टर प्लांट से दो एमएलडी पानी छोड़ा गया। इसके साथ 27 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन का परीक्षण आरंभ हुआ। करीब डेढ़ किलोमीटर पर बने पहले ब्लॉक के 250 ज्वांइट में कोई लीकेज न होने से देर-रात पानी दूसरे सिरे तक पहुंच गया। अब अगला ब्लॉक तीन किलोमीटर दूर बना है। बुधवार तड़के यहां पानी पहुंचेगा। जल निगम अभियंताओं का कहना है कि लीकेज की संख्या कम रही, तब अगले सप्ताह तक शहरवासियों को पानी मिलने लगेगा।
मंगलवार शाम एक्सईएन मुकेश पाल की मौजूदगी में टेस्टिंग के लिए आपूर्ति आरंभ हुई। डेढ़ किलोमीटर दूर पहला ब्लॉक बनाया गया। इसके बीच 250 ज्वाइंट थे। रात करीब नौ बजे तक पानी सभी ज्वाइंट पार करते हुए आगे पहुंचा। अब अगला ज्वाइंट तीन किलोमीटर दूर है। यहां करीब 510 ज्वाइंट हैं। इसके बाद पांच किलोमीटर दूर ब्लॉक है। फिल्टर प्लांट से महानगर के बीच 4500 ज्वाइंट हैं। अभियंताओं के मुताबिक 27 किलोमीटर पाइप लाइन को इस तरह टेस्ट करने के बाद पानी घरों तक पहुंचया जाएगा।
बता दें, महानगर पेयजल आपूर्ति के तहत घर-घर पानी पहुंचाया जाना है। वर्ष 2021 से यह योजना आरंभ हुई थी। योजना के तहत माताटीला बांध से शहर तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए दो चरणों में पाइप लाइन बिछाई गई। पहले चरण में माताटीला बांध से बबीना फिल्टर प्लांट के बीच 23.50 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछी जबकि दूसरे चरण में बबीना फिल्टर प्लांट से शहर के बीच 27 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन डाली गई। माताटीला से बबीना फिल्टर प्लांट के बीच काम पिछले साल ही पूरा हो चुका लेकिन, बबीना फिल्टर प्लांट से महानगर लाने में काम पिछड़ गया। सोमवार को पाइप लाइन बिछाने का हुआ पूरा हो सका था।
इनसेट
मुख्यमंत्री तय कर चुके डेडलाइन
पिछले दिनों झांसी के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जलापूर्ति आरंभ करने को लेकर जल निगम अभियंताओं को अल्टीमेटम दे चुके। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी समेत अन्य आला अफसरों को भी इस पर निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। उन्होंने यह काम तयशुदा समय पर पूरा करने को कहा था, जिससे एक अप्रैल से आपूर्ति आरंभ हो सके।
000
डीएम का चार दिन में आपूर्ति आरंभ करने का अल्टीमेटम
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को बबीना फिल्टर प्लांट पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने यह सभी काम चार- पांच दिन के भीतर पूरा कर लेने के निर्देश दिए। बबीना वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचकर उन्होंने पानी की टेस्टिंग की जानकारी ली। राइजिंग मेन लाइन कार्य को देखा। डिस्ट्रीब्यूशन लाइन की गहराई को सत्यापित करते हुए काम में तेजी लाने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, अधिशासी अभियंता मुकेश पाल समेत अन्य उपस्थित रहे।