चिरगांव। रामनगर रोड पर कस्बे के निकट वीरेंद्र राजपूत के घर के पास सड़क के किनारे नाली नहीं होने से घरों का पानी सड़क पर बह रहा है।इस कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
रात के समय पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण बाइक सवार आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। यह सड़क गुरसराय , गरौठा की ओर जाती है। जो स्टेट हाईवे-42 के अंतर्गत आता है, जिस पर दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है। सड़क के किनारे जलभराव और कीचड़ के कारण पैदल राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राजेंद्र कुमार व हरप्रसाद ने संबंधित विभाग से सड़क किनारे नाली का निर्माण कराने व जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। संवाद