झांसी। मप्र समेत आसपास के इलाकों में बरसात में कमी आने से अब तीन दिन बाद यहां भी पानी आने की रफ्तार धीमी पड़ गई है। सोमवार को माताटीला बांध से 72 हजार क्यूसेक पानी ही बेतवा में छोड़ा गया। कम पानी होने की वजह से आठ फीट में खुले गेट को अब सिर्फ दो फीट पर ही खोला गया है। सिंचाई विभाग के अभियंताओं के मुताबिक स्थिति इस समय सामान्य है।
पिछले तीन दिन से पानी का बहाव काफी तेज था। रविवार, रात तक करीब साढ़े तीन लाख क्यूसेक पानी बेतवा में छोड़ा गया लेकिन, आज सुबह से पानी की रफ्तार में काफी कमी आ गई। अंतिम सूचना के मुताबिक माताटीला बांध से 72 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने के लिए सभी बीस गेट तक दो फीट के लिए खोले गए, जबकि कल तक यह सभी गेट आठ फीट ऊंचाई तक खुले हुए थे। इसी तरह ढुकुवां से 11 हजार क्यूसेक एवं पारीछा बांध से 22507 क्यूसेक पानी बेतवा में छोड़ा गया। अब पानी आने की रफ्तार धीमी पड़ गई हालांकि अगस्त माह के लक्ष्य के मुताबिक राजघाट एवं माताटीला बांध पहले से ही भरे जा चुके हैं। अगस्त महीने में माताटीला बांध को 1010 फीट तक भरा जाता है। पानी आने की रफ्तार कम होने से बेतवा के बहाव में भी कुछ कमी आई है हालांकि बारिश के मौसम को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। माताटीला बांध के अधिशासी अभियंता मो.फरीद के मुताबिक बांधों में चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है।