झांसी। पाली पहाड़ी स्थित श्री बालाजी बेवरेज प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने बुधवार को छापा मारकर दो लीटर वाली पानी की 2151 बोतलें सीज कर दीं। जांच में पानी की बोतलें झांसी के खाद्य लाइसेंस के स्थान पर ललितपुर के खाद्य लाइसेंस पर पैक की जाती मिलीं। टीम ने नमूने संग्रहित करने के साथ प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू की है।
सहायक आयुक्त खाद्य एवं अभिहित अधिकारी पवन कुमार की अगुआई में टीम ने छापा मारा। टीम के यहां पहुंचते ही खलबली मच गई। लाइसेंस जो दिखाया गया वह ललितपुर का निकला। इस लाइसेंस की आड़ में झांसी में बिसरोली नाम के ब्रांड की पानी की बोतलें पैक की जा रही थीं। यहां मिली पानी की बोतलों को सीज कर दिया गया। प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस भी जारी की गई है। अभिहित अधिकारी पवन कुमार के मुताबिक इस संबंध में आगे कार्रवाई की जा रही है। वहीं, खाद्य कारोबारियों के यहां डोम-24 उपकरण से खाद्य पदार्थ तलने में इस्तेमाल होने वाले गर्म तेल की गुणवत्ता की जांच की गई।