- रेलवे के समस्या निस्तारण के दिए गए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगरा। ग्राम मगरवारा में रेल लाइन पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज की आसपास के कई खेतों में पानी भर गया है। इससे फसलों के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। शुक्रवार को परेशान किसानों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की। इस पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे को समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।
बंगरा से कचनेव के लिए जाने वाले रास्ते में ग्राम मगरवारा में रेल लाइन पर अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। अंडरब्रिज में पानी भराव होने की वजह से अब पानी खेतों में भरने लगा है, जिससे फसलें प्रभावित होने लगी हैं। कचनेव, मगरवारा और आसपास के गांवों के किसान शुक्रवार को मऊरानीपुर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार से मिले और अपनी समस्या बताई। इस पर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर रेलवे के अफसरों को बुलाया। एसडीएम ने समस्या के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान स्थानीय किसान अनीता, संदीप, राशि, अंकित कुमार आदि ने बताया कि उनकी कई बीघा जमीन पानी में डूब चुकी है। रेलवे अंडरपास में नाले का पानी इकट्ठा हो रहा है, जिसकी निकासी की रेलवे की ओर से व्यवस्था नहीं की जा रही है। खेतों में पानी भरने से उनकी मूंगफली, उर्दू, तिलहन, मूंग की फसलें डूब चुकी हैं, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है।