झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र गांव में पाइप लाइन डालने का काम कर रही निजी कंपनी के सुपरवाइजर अशरफ खां से ग्रामीणों ने घरों के सामने जलजमाव होने की आपत्ति दर्ज कराई। इस बात को लेकर दोनों पक्ष में विवाद हो गया। जिस पर ग्रामीणों ने उन्हें दौड़कर पीटा। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र के गांव अतपेई में हर घर नल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें ग्रामीणों व महिलाओं ने एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर को दौड़ा कर पीट दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं ग्रामीणों ने सुपरवाइजर पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने गांव की तीन नामजद समेत पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
गांव अतपेई में जल निगम द्वारा हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाई जा रही हे। यह काम एक निजी कंपनी कर रही है। तहसील मोंठ के गांव अमरौख निवासी अशरफ खां कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार की देर शाम वह गांव में पाइप लाइन बिछाने का काम देखने गए थे। तभी घरों के सामने गड्ढों में जलजमाव होने से ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई। जिस पर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ महिलाएं घर से निकल आईं और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सुपरवाइजर से झगड़ने लगीं।
इसी बीच अशरफ ने वहां से भगाने का प्रयास किया तो महिलाओं व ग्रामीणों ने पीछाकर उन्हें पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। घायल को डॉक्टरी के लिए भिजवाया। चिरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि घरों के सामने गड्ढों में जलजमाव को लेकर विवाद हुआ है। महिलाओं ने भी आरोप लगाए हैं। वहीं मौके से मिनी पत्नी जयराम, रानी पत्नी अशोक, शिवा सहित दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अशरफ की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।