ग्राम शाहजहांपुर के थाना परिसर में धरना पर बैठे ग्रामीण
- फोटो : MOTH
मोंठ (झांसी)। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पसैया में पुलिस के खिलाफ दबिश के दौरान तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर विरोध भी जताया। विगत दिनों ग्राम में विद्युत टीम के साथ मारपीट के मामले में 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार पुलिस दबिश दे रही थी।
ग्रामीणों के अनुसार बीती रात थाना पुलिस विद्युत कर्मचारियों के साथ ग्राम में कुछ लोगों के घरों पर दबिश दी। संबंधित के न मिलने पर पुलिस और विद्युत कर्मचारियों ने घरों में रखे सामानों की तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, तो ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यवाही का विरोध किया। इसकी जानकारी लगते ही गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत के भतीजे संजीव राजपूत भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना पर एसपी ग्रामीण राहुल मिठास मौके पर पहुंचे, जिन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आप लोगों के साथ अन्याय नही होगा। एसपी ने ग्रामीणों के साथ मौके पर गांव में जाकर घरों में हुई टूट-फूट का जायजा लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 2 दिन के अंदर पुलिस और बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो ग्रामीण सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगे।