झांसी रेल मंडल में तैनात सहायक लोको पायलट सुनील कुमार वंशकार कानपुर में ट्रेनिंग कर रहे हैं। रविवार को वह लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस में झांसी से कानपुर के लिए सवार हुए थे। यात्रा के लिए वह ट्रेन के पेंट्रीकार की गैलरी में खड़े थे, इसी बीच पेंट्रीकार मैनेजर ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी।
जब तक सहायक लोको पायलट कुछ समझ पाते दूसरे पेंट्रीकार वेंडर ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर अन्य वेंडर भी इकट्ठे हो गए और सहायक लोको पायलट को बुरी तरह पीटने लगे और मारते हुए लोको पायलट को कोच तक ले आए। वेंडरों की गुंडई का विरोध जब यात्रियों ने किया तो आरोपी वेंडर उनसे भी भिड़ गए। इसी बीच किसी यात्री ने मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो बनाकर रेलवे से घटना की शिकायत कर दी।
यहां ट्रेन जैसे ही कानपुर पहुंची तो जीआरपी ने मारपीट करने वाले पेंट्रीकार के मैनेजर समेत अन्य दो वेंडरों को ट्रेन से उतार लिया। साथ ही जख्मी लोको पायलट को कानपुर के रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया। लोको पायलट ने घटना की लिखित शिकायत दी है। वहीं, मामले में पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि घटना में लोको पायलट ने शिकायत दर्ज कराई है। आगे की कार्रवाई जीआरपी कर रही है।