झांसी। किसानों को यूरिया की कमी न पड़े, इसलिए एक रैक 26 सौ मीट्रिक टन यूरिया आ गई है। यह यूरिया प्राइवेट दुकानदारों के पास पहुंच गई है। इसके अलावा 26 मीट्रिक टन डीएपी की एक रैक आज मंगलवार को आने की उम्मीद है।
इन दिनों किसानाें को गेहूं की बुवाई और फसलों की टॉप ड्रेसिंग (भुरकाव) के लिए यूरिया की जरूरत होती है। इसलिए खाद की दुकानों पर यूरिया खरीदने के लिए किसानों की भीड़ लग रही है। यूरिया कम न पडे़, इसलिए कृषि विभाग ने 26 सौ मीट्रिक टन की एक रैक का आर्डर दिया था। शासन से स्वीकृत होने के बाद यूरिया जिले में भेज दी गई है। इस रैक के आने से सभी दुकानदारों के यहां यूरिया को पहुंचा दिया गया है।
इसी तरह डीएपी की एक रैक 26 सौ मीट्रिक टन का आर्डर दिया गया था। यह रैक भी आज मंगलवार को दोपहर तक आने की उम्मीद है। इसके आ जाने से डीएपी की किल्लत समाप्त हो जाएगी। उधर, यूरिया का संकट बताकर कुछ दुकानदार महंगे दामों में बेच रहे हैं।
उप कृषि निदेशक केेके सिंह ने बताया कि जिले में खाद की कोई किल्लत नहीं है। फिर भी यदि कोई किसान शिकायत करता है कि उसे यूरिया ओवररेट में मिली है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके मोबाइल नंबर 6386903083 पर किसान ओवररेट की सूचना दे सकते हैं।