फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेमी युगल का कत्ल: फिल्म 'दृश्यम' की तरह किया गुमराह, युवक की लाश लटकाने के बाद ये काम करना भूल गए थे कातिल

Tue, 07 Jan 2025 03:56 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, ललितपुर

सार

ललितपुर में 31 दिसंबर की रात प्रेमी युगल की हत्या प्रेमिका की मां और दो चाचाओं ने मिलकर की थी। आन के लिए प्रेमी की हत्या के बाद तीनों ने युवती का गला घोंट दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर सोमवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
विज्ञापन
couple murder - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ललितपुर के थाना जखौरा क्षेत्र के राजपुर विघा में 31 दिसंबर की रात प्रेमी युगल की हत्या आन के लिए ही हुई थी। कामिनी की मां रामदेवी और चाचा सुनील साहू व देशराज साहू ने मिथुन की हत्या कर दी। अपनी आंखों के सामने प्रेमी की हत्या देख कामिनी ने पुलिस से शिकायत की बात कही। इस पर तीनों ने कामिनी का भी गला घोंट दिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर सोमवार को हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
विज्ञापन


ग्राम विघा राजपुर में 1 दिसंबर की सुबह प्रेमी युगल मिथुन कुशवाहा (23) व कामिनी साहू (19) के शव मिले थे। कामिनी का शव उसके घर के पीछे खेत में पड़ा था, जबकि मिथुन कुशवाहा का शव वहां से 500 मीटर दूर नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटक रहा था। उसके हाथ मफलर से पीछे की ओर बंधे थे।

एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने हत्याकांड का पांच दिन बाद सोमवार को खुलासा करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस की चार टीमें गठित की थीं। मिथुन के भाई मनीष ने कामिनी के परिजन पर हत्या का आरोप लगाकर शिकायत की थी। 
विज्ञापन


पुलिस ने उनपर केस दर्ज कर लिया था। ग्रामीणों से पूछताछ और जांच के बाद पता लगा कि दोनों की हत्या परिजन ने ही की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से रस्सी और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। 

जन्मदिन पर की बेटी की हत्या
पूछताछ में परिजन ने बताया कि मिथुन अकसर रात में कामिनी से मिलने आता था। इस कारण से गांव व समाज बदनामी हो रही थी। 1 जनवरी को कामिनी का जन्मदिन था। 31 दिसंबर की देर रात मिथुन कामिनी से घर पहुंचा। यहां उसे पकड़ लिया और मफलर से उसके हाथ पीछे बांधकर रस्सी से गला घोंटकर मार डाला था। कामिनी ने इसकी शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो उसका गला भी रस्सी से घोंट दिया। वारदात को आत्महत्या दर्शाने के लिए मिथुन के शव को नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका दिया था।

हाथ खोलना भूले तो लगी हथकड़ी
ग्राम विघा राजपुर में परिवार को कथित बदनामी से बचाने के लिए मां रामदेवी और चाचाओं सुनील व देशराज ने बेटी कामिनी के प्रेमी मिथुन की हत्या की साजिश रची। पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल पर दृश्यम फिल्म भी देखी। मिथुन की हत्या से भड़की कामिनी को चुप कराने के लिए उसकी भी हत्या कर दी। आत्महत्या दर्शाने के लिए दोनों के मुंह में कीटनाशक डाला गया। मिथुन के शव को गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी से लटका दिया गया। लेकिन हड़बड़ी में मिथुन के हाथ न खोलने की भूल ने उनके हाथों में हथकड़ी लगवा दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वारदात की बुनियाद पूर्व में हुए समझौते की एक शर्त पर रखी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार कामिनी और मिथुन के मध्य काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ माह पूर्व परिजन ने कामिनी से ही मिथुन के खिलाफ केस दर्ज कराया था। थाने में केस लिखे जाने के बाद गांव में पंचायत हुई थी। जिसमें कामिनी की शादी होने तक मिथुन के गांव से बाहर रहने के फैसले पर समझौता हुआ था। इसके बाद मिथुन गांव से बाहर अपने मामा के यहां रहने लगा था।

राजीनामे में यह भी शर्त थी कि भविष्य में मिथुन के आत्महत्या करने पर कामिनी के परिजन की जिम्मेदारी नहीं होगी। शादी के वादे के बाद मिथुन कामिनी से मिलने उसके घर आता रहा था। इस बीच परिजन ने कामिनी की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। इस पूरे प्रकरण की गांव में चर्चा थी। परिजन इसे अपनी बदनामी मान रहे थे।

अमर उजाला ने बताई थी साजिश
एक जनवरी को कामिनी का जन्मदिन था। परिजन को पता था कि रात में मिथुन आएगा। उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। 31 दिसंबर की रात उन्होंने मिथुन व कामिनी की हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से घर में रखी कीटनाशक दवा लाकर दोनों के मुंह में डाल दी। उसे दोनों के सिर के ऊपर भी छिड़क दिया था। साथ ही मिथुन के शव को नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका दिया था। पुलिस भी प्रथम दृष्टया आत्महत्या ही बता रही थी। अमर उजाला ने तथ्यों की पड़ताल की और पहले दिन ही आन के लिए हत्या की खबर प्रकाशित की थी। सोमवार को खुलासा होने के बाद खबर की पुष्टि हो गई।
 

फिल्म दृश्यम की तरह करते रहे गुमराह
वारदात का खुलासा करने में लगी टीम को कामिनी के परिजन गुमराह करते रहे। पूछताछ में दृश्यम फिल्म की तरह सभी एक ही जवाब पर कायम रहे। सभी लोग यह कहते थे कि 1 जनवरी की सुबह 6 बजे जब वह सोकर उठे तो कामिनी घर पर नहीं थी। उसका शव घर के पीछे खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने घर के छोटे-बड़े सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। लेकिन सभी एक ही बात को दोहरा रहे थे। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के समक्ष भी यही दोहराया गया। पुलिस ने परिजन के मोबाइल की जांच की तो यूट्यूब व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दृश्यम देखने के बारे में पता लगा।

 
विज्ञापन

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। प्रेमी युगल की हत्या युवती के परिजन ने की थी। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गईं थी। थानाध्यक्ष जखौरा राहुल राठौर, एसओजी प्रभारी अतुल तिवारी और सर्विलांस प्रभारी आलोक कुमार अपनी अपनी टीम के साथ जांच शामिल रहे। खुलासा करने वाली पुलिस टीमों को 25 हजार का इनाम दिया गया है। - मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें