यूपी बोर्ड परीक्षा: एक कक्षा मेें बैठेंगे 23 परीक्षार्थी
झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिषद ने हाल ही में परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति में बदलाव किया है। अब एक कक्ष में अब 23 परीक्षार्थी बैठ सकेंगे और परीक्षार्थियों के बीच छह फीट की दूरी रहेगी। यूपी बोर्ड ने जिला विद्यालय निरीक्षक से 25 जनवरी तक परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट मांगी है।
परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण को लेकर दो महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। कोरोना संक्रमण के कारण बोर्ड ने पहले परीक्षा कक्ष में 14 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था और 36 स्कवायर फीट जगह देने का निर्णय लिया था। इसके आधार पर जिले में परीक्षा केंद्रों का सत्यापन करने के साथ रिपोर्ट भेजी गई। माना जा रहा था कि कोरोना संक्रमण के कारण परीक्षा केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। लेकिन, अब बोर्ड ने परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति में बदलाव किया है। इसके तहत अब एक कक्ष में 23 परीक्षार्थी बैठाने के साथ ही प्रत्येक परीक्षार्थी को 25 स्कवायर फीट जगह दी जाएगी। वहीं, पहले एक केंद्र पर 250 से 500 परीक्षार्थी आवंटित करने की योजना बनाई गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 500 से 1000 परीक्षार्थी कर दिया गया है।
22 फरवरी तक फाइनल होंगे परीक्षा केंद्र
यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 22 फरवरी तक जारी होगी। पहले यह नौ फरवरी तक होनी थी। बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण सारिणी में भी बदलाव किया है। पहले 11 जनवरी तक केंद्रों की जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर 16 जनवरी तक अनन्तिम सूची प्रकाशित की जानी थी। लेकिन, अब 25 जनवरी तक केंद्रों की जानकारी अपलोड होने के साथ 30 जनवरी तक अनन्तिम सूची जारी की जाएगी।
यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्र निर्धारण नीति में कुछ बदलाव किए गए हैं। इसके तहत नए सिरे से केंद्रों का निर्धारण कर सूची को ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
- डॉ. कोमल सिंह यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक