संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही का खामियाजा शनिवार को हजारों बिजली उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा। नगरा इलाके में अंडरग्राउंड 33 केवी लाइन कट जाने से कई इलाकों की बिजली घंटों गुल रही। भीषण गर्मी में लोगों को पंखे और कूलर तक बंद होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हंसारी से निकली 33 केवी लाइन नगरा स्थित रेलवे एसी शेड के पास से गुजरती है। यहां सड़क निर्माण कार्य के दौरान मशीन से सड़क किनारे दबी अंडरग्राउंड लाइन कट गई। इसके चलते शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो शाम करीब सात बजे बहाल हो सकी।
बिजली बाधित होने से ईसाई टोला, महावीरन, प्रेमनगर, नैनागढ़ समेत कई फीडरों के उपभोक्ता प्रभावित रहे। इनवर्टर जवाब दे गए और लोग गर्मी में परेशान होते रहे। सूचना मिलने पर 33 केवी और 11 केवी लाइन का स्टाफ मौके पर पहुंचा और लाइन दुरुस्त करने में जुट गया, लेकिन लाइन करीब पांच फीट गहराई में होने के कारण काम में काफी समय लगा। अधिकारियों ने पुरानी 300 एमएम लाइन हटाकर 400 एमएम की नई लाइन डाली, तब जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी।
दतिया गेट क्षेत्र में 20 घंटे बिजली संकट
उधर, दतिया गेट बाहर स्थित गुलाम गौस खां फीडर की बिजली शुक्रवार रात करीब एक बजे बाधित हो गई। क्षेत्र के लोगों को करीब 20 घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि सुबह शिकायत करने पर पहले फॉल्ट तलाशने की बात कही गई, लेकिन दोपहर में ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी मिली। लोगों का आरोप है कि समय रहते खराबी पकड़ ली जाती तो इतनी लंबी कटौती नहीं झेलनी पड़ती। क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है।
तपती धूप में स्टाफ के लिए चुनौती बना काम
भीषण गर्मी में बिजली कर्मचारियों के लिए भी हालात चुनौतीपूर्ण रहे। तपते लोहे के खंभों पर चढ़कर काम करना लाइन स्टाफ के लिए मुश्किल बना रहा। कर्मचारी हाथ और पैरों में कपड़ा बांधकर मरम्मत कार्य करते नजर आए। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
नगरा इलाके में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई, लेकिन लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। - पुष्कर सिंह, अधीक्षण अभियंता (नगरीय क्षेत्र)