झांसी (मऊरानीपुर) । रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रविवार को 112 नंबर पुलिस रविकुमार को अचेतावस्था में सरकारी अस्पताल लेकर आई थी। युवक को अस्पताल में भर्ती कराने के कुछ ही देर बाद उसके भाइयों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पथराव और मारपीट की थी। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस हंगामा कर रहे युवकों को पकड़कर कोतवाली ले गई थी। देर रात उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की।
घटना के संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मेमो कोतवाली भेजा गया, जिसमें आरोपियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आकर यूपी 112 के स्टॉफ व अस्पताल के कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गालीगलौज व तोड़फोड़ किए जाने की सूचना दी थी। कोतवाली में घटना के संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आकस्मिक चिकित्साधिकारी देशराज राजपूत ने की तहरीर पर सचिन व संजय के विरुद्ध लोक सेवक के सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए गाली गलौज करने व हाथापाई करने तथा अस्पताल में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। कोतवाली में तीनों के खिलाफ देर रात धारा 253, 332, 323, 504 व 427 में मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने सचिन व संजय निवासीगण ग्राम स्यावरी का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया।
़
़
़