पारीछा थर्मल पावर की दो इकाइयां चालू
- फोटो : demo
डिमांड न होने के कारण 26 जनवरी की मध्य रात्रि से बंद पारीछा थर्मल पावर प्लांट की दो उत्पादन इकाइयां बृहस्पतिवार से चालू हो गईं। बाकी भी जल्द चालू होंगी।
पारीछा थर्मल पावर प्लांट में 110 मेगावाट की दो, 210 मेगावाट की दो व 250 मेगावाट की दो इकाइयां संचालित हैं। इनमें 110 मेगावाट की नंबर एक इकाई मेंटेनेंस के कारण जुलाई 2016 से बंद चल रही है। प्रदेश में बिजली की डिमांड कम होने के कारण 26 जनवरी की मध्य रात्रि से पांचों चालू इकाइयों को बंद कर दिया गया था। गर्मी की दस्तक के साथ ही प्रदेश में बिजली की मांग बढ़ने लगी है। बृहस्पतिवार को स्टेट लोड डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के निर्देश पर प्लांट में 210 मेगावाट की नंबर चार और 250 मेगावाट की नंबर छह इकाई को चालू कर दिया गया। गौरतलब है कि प्लांट के बंद होने से यहां के दैनिक वेतन भोगी करीब पांच सौ मजदूरों के हाथ से रोजगार छिन गया था। उनके सामने परिवार चलाने का संकट बना हुआ है।
‘ प्लांट की पांच मशीनें 1030 मेगावाट उत्पादन करने के लिए पूरी तरह फिट हैं। दो उत्पादन इकाइयों को चालू कर लिया गया है। बाकी को भी जल्द चालू कर लिया जाएगा।’
अखिलेश सिंह, मुख्य महाप्रबंधक, पारीछा थर्मल पावर प्लांट।