झांसी। सोमवार को दतिया गेट स्थित गुलाम गौस खां पार्क में दो सांड़ आपस में भिड़ गए। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को अलग करने का काफी प्रयास किया लेकिन सफल नही हो सके। लड़ते-लड़ते दोनों सांड पार्क में बने फव्वारे के कुंड में गिर गए। स्थानीय पार्षद द्वारा नगर निगम को सूचित करने पर कड़ी मश्क्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
वर्षों से बदहाली की मार झेल रहे गुलाम गौस खां पार्क में हर समय आवारा पशुओं का जमावड़ा रहता है। गाय, भैंस, बैलों के अलावा पार्क के अंदर आवारा कुत्तों के झुंड रहते हैं। जिससे पार्क में सैर-सपाटे के लिए आने वाले लोगों को हर समय भय बना रहता है। घनी आबादी के बीच पार्क होने के कारण भीड़ भी अधिक रहती है। पार्क की दुर्दशा को ठीक करने के लिए कई बार शिकायतें की गईं लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नही लाई गई है। जिसका खमियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को अचानक ही दो सांड़ आपस में भिड़ गए। जिसके चलते पार्क में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। लगभग एक घंटे लड़ते-लड़ते दोनों ही सांड़ पार्क में बने फव्वारे के कुंड में जा गिरे। स्थानीय पार्षद अजीदा मकरानी द्वारा नगर निगम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नगर निगम की टीम ने काफी जद्दोजहद के बाद दोनों को बाहर निकाला।