झांसी। मऊरानीपुर के रानीपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के चंदेरा थाना क्षेत्र के मैदवारा गांव में दोनों एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इनमें एक के शव का पोस्टमार्टम टीकमगढ़ व दूसरे का झांसी में कराया गया।
मऊरानीपुर के कंचनपुरा खरकासानी निवासी बृजेश रायकवार (30) की बहन मध्य प्रदेश के चंदेरा थाना क्षेत्र के मैदवारा गांव में रहती हैं। आठ दिसंबर को उनकी बहन की पुत्री की शादी थी। रविवार की सुबह बृजेश अपने एक रिश्तेदार ओमप्रकाश (48) के साथ बाइक पर बहन के घर जा रहे थे। साथ में कलश आदि सामान भी लिए थे। रानीपुर से मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश करते ही उनको एक अज्ञात वाहन ने टक्कर दी। टक्कर लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर दोनों के परिजन व रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। ओमप्रकाश के परिजन उसे टीकमगढ़ के अस्पताल और बृजेश के झांसी मेडिकल कॉलेज लेकर आ गए। दोनों चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर चचेरे भाई छिंग्गे ने बताया कि बृजेश की दो बेटी व एक बेटा है। दस साल से उसका बड़ा भाई भी लापता है। बृजेश मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था।