लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के साथ ही सभी शस्त्रधारकों को अपने शस्त्र जमा करने होंगे। सुरक्षा गतिविधियों में कार्यरत लाइसेंसधारकों को ही इसमें छूट मिलेगी लेकिन इसके लिए उन्हें स्क्रीनिंग कमेटी से अनुमति लेनी होगी। असलहा जमा कराने की कार्रवाई अभी से शुरू कर दी गई है।
जनपद में बाइस हजार से अधिक असलाह धारक हैं। इनके पास हथियार रखने का जिलाधिकारी द्वारा जारी किया गया लाइसेंस है। चुनाव में इन हथियारों का दुरुपयोग न हो पाए, इसके लिए आदर्श आचार संहिता लागू होते ही सभी से हथियार जमा करा लिए जाएंगे। इसके लिए थानावार सूची तैयार कर ली गई है। पुलिस की ओर से असलाह धारकों को इसकी सूचना दी जाने लगी है। हालांकि, चुनाव के दरम्यान सुरक्षा गतिविधियों में लिप्त लोगों को असलाह रखने की छूट होगी, लेकिन इसके लिए उन्हें भी स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष आवेदन करना होगा। कमेटी के द्वारा आवेदन का परीक्षण किया जाएगा। वाकई में असलहा रखना आवश्यक होने की स्थिति में अनुमति जारी कर दी जाएगी। स्क्रीनिंग कमेटी में प्रशासन और पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे।
40 शस्त्र लाइसेंस निरस्त
जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी ने चालीस लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। ये वे लोग हैं, जिन्हें लाइसेंस बनने के कई सालों बाद भी हथियार नहीं खरीदे और बार-बार हथियार खरीदने की मियाद बढ़वाते रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे अन्य लोगों की जांच भी की जा रही है।