अगर आपकी ट्रेन छूटने का वक्त हो गया है और आप काउंटर पर कतार में लगकर जनरल टिकट लेने की स्थिति में नहीं हैं तो आप टीटीई से जनरल टिकट ले सकते हैं। जल्द ही प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर रहने वाले कर्मचारियों को एमईटीएम (मोबाइल इनेबल टिकटिंग मशीन) उपलब्ध कराई जा रही है। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआत में यह मशीनें झांसी और ग्वालियर स्टेशन के कर्मचारियों को उपलब्ध होंगी।
अक्सर कई लोग ट्रेन छूटने के कुछ समय पहले ही रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं। ऐसे में काउंटर पर कतार में लगकर टिकट लेने का वक्त उनके पास नहीं होता है। वह बेटिकट यात्रा करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। चेकिंग में पकड़े गए तो किराए के साथ जुर्माना भी भरना पड़ता है। खासकर पैसेंजर ट्रेनों में ऐसा अधिक होता है।
रेलवे चाहता है कि कोई भी यात्री बिना टिकट सफर न करे। इसलिए अब रेल प्रशासन प्लेटफार्म ड्यूटी पर रहने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को एमईटीएम मशीन थमाने जा रहा है। इस मशीन की मदद से यात्री को प्लेटफार्म पर ही टिकट मिल सकेगा। इन मशीनों का प्रयोग अभी कुंभ मेले में किया गया था।