संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मप्र के सारंगपुर से संतरे लेकर बिहार शरीफ जा रहा ट्रक बुधवार की सुबह करीब 11 बजे झांसी-शिवपुरी हाईवे पर रक्सा के सिजवाहा गांव के पास पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर संतरे फैल गए, जिन्हें लोग उठाकर ले गए। हादसे में कानपुर देहात निवासी चालक शैलेंद्र और सहायक शिवदास चोटिल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया।
कानपुर देहात के भोगनीपुर स्थित ग्राम हलदर निवासी चालक शैलेंद्र (24) पुत्र मोहर सिंह ने बताया कि वह बुधवार की अलसुबह सारंगपुर से संतरे लेकर निकला था। उसके साथ भोगनीपुर के ग्राम बिरोवा निवासी सहायक शिवदास (23) पुत्र कालीचरण था। उन्हें संतरे बिहार शरीफ पहुंचाने थे। सुबह करीब 11 बजे झांसी-शिवपुरी हाईवे पर रक्सा के सिजवाहा गांव के पास ट्रक के सामने अचानक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए तुरंत ट्रक मोड़ा तो वह असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे में उसे और शिवदास को चोटें आईं। वहीं ट्रक में लदे संतरे सड़क पर फैल गए। दोनों को इलाज के लिए एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हादसे के बाद थोड़ी देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।