transfarmer, jhansi hindi news
- फोटो : demo
झांसी। मुन्नालाल सब स्टेशन से जुड़ी कुछ पॉश कॉलोनियों की बिजली ट्रांसफार्मर खराबी के कारण रविवार की रात भी गुल रही। ट्रांसफार्मर में खराबी आने से पूर्व अनियमित वोल्टेज के कारण कई घरों के विद्युत उपकरण भी फुंक गए। 12 घंटे बाद यहां की आपूर्ति सुचारु हो सकी।
पठौरिया फीडर से जुड़ीं बंसल व स्वामीपुरम कॉलोनी को बिजली देने के लिए सिद्देश्वर मंदिर के पास कॉलोनी गेट पर 400 केवीए ट्रांसफार्मर रखा गया है। रविवार रात करीब दस बजे ट्रांसफार्मर का एक फेस चला गया, इससे कॉलोनी के अंदर अनियमित वोल्टेज की स्थिति बन गई। कुछ देर बाद ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद हो गई। हालांकि, इस बीच कॉलोनी में रहने वाले शरद नेवालकर के घर का स्टेबलाइज फुंक गया। अन्य घरों के भी कई विद्युत उपकरण खराब हो गए। सूचना पर रात बारह बजे विद्युत कर्मचारी मौके पर पहुंचे, मगर वह ट्रांसफार्मर की खराबी को ठीक नहीं कर सके। इससे रात भी दोनों कॉलोनियों में बिजली नहीं आ सकी। सोमवार की सुबह कर्मचारियों ने दुबारा अवर अभियंता प्रमोद कुमार की देखरेख में ट्रांसफार्मर को सुधारने का प्रयास किया, जिसमें वह सफल हो गए। ट्रांसफार्मर ठीक होने पर सुबह दस बजे सप्लाई को चालू हो सकी।
रात में रहेगी कर्मचारियों की गैंग
विद्युत सब स्टेशनों पर अभी फाल्ट सुधारने के लिए सुबह छह बजे से रात दस बजे तक ही संविदा कर्मियों की गैंग रहती है। मगर, अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर सब स्टेशनों पर रात में भी गैंग रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि रात दस बजे के बाद फाल्ट आने पर लोगों को पूरी रात परेशानी में न काटनी पड़ी। अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार गुप्ता (नगर) ने बताया कि अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित कर दिया गया है। वह जल्द ही इस व्यवस्था को अपने सभी सब स्टेशनों पर लागू कर लेंगे।