किश्त जारी, अब पूरा होगा ऑडिटोरियम
- फोटो : demo
बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में दो साल से निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के लिए शासन ने दूसरी किश्त (75.5 लाख रुपये) जारी कर दी है। जल्द ही कॉलेज के खाते में पैसा पहुंच जाएगा। इस साल ही ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
शासन ने वर्ष 2015 में 1.51 करोड़ रुपये के बजट से आयुर्वेदिक कॉलेज में 225 सीटों के वातानुकूलित ऑडिटोरियम की मंजूरी दी थी। इसी साल मार्च में ही बजट का आधा पैसा यानी कि 75.5 लाख रुपये की पहली किश्त जारी की गई थी। इस पैसे से कॉलेज ने स्टेज का निर्माण, लाइटिंग, एसी समेत लगभग 80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा करा लिया। इसके बाद बजट का पैसा खत्म हो जाने से निर्माण बीच में ही रुक गया। अब सीटें, कमरे, म्यूजिक सिस्टम, एलईडी प्रोजेक्टर आदि लगना बाकी है। इसके साथ ही मैट बिछाई जानी है। कॉलेज ने शासन को पत्र लिखकर बजट की दूसरी किश्त भेजने की मांग की थी। कॉलेज प्राचार्य प्रो. सुरेश चंद्र ने बताया कि शासन की ओर से पैसा जारी कर दिया गया है। जल्द ही कॉलेज के खाते में पैसा पहुंच जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए मांगे चार करोड़
कॉलेज प्रशासन ने सभी 14 विभागों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए चार करोड़ रुपये बजट की मांग की है। अभी इस पर स्वीकृति नहीं मिली है। कॉलेज प्राचार्य के मुताबिक मार्च से पहले बजट जारी होने की संभावना है।