झांसी। आगरा रेल मंडल के जाजौ व भांडई के बीच पुलिया धंसने का मामला सामने आने के बाद से दिल्ली से झांसी की तरफ आने वाली ट्रेनें रफ्तार नहीं पकड़ पा रही हैं। रात में आने वाली गाड़ियां आज सुबह आ पाईं। इससे यात्रियों की रात काली हुई और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर टिकट निरस्त कराने वाले यात्रियों की भी लंबी कतार लगी रही।
शनिवार की रात आगरा रेल मंडल के जाजौ-भांडई स्टेशनों के मध्य एक पुलिया धंसने से रेल यातायात बाधित हो गया था। कॉशन आर्डर पर ट्रेनों को गुजारा जा रहा था। इससे दिल्ली से आने वाली सभी ट्रेनें लेट आ रही थीं। सोमवार को पुलिया पर मरम्मत कार्य तो पूरा कर लिया गया, मगर रेल संचालन पूर्ण रूप से पटरी पर नहीं लौट सका। उक्त मामले के कारण रविवार की रात आने वाली ट्रेनें सोमवार की सुबह व दिन के समय आने वाली गाड़ियां शाम को झांसी आईं। इनमें दिल्ली की तरफ से आने वाली गाड़ी संख्या 12190 अप ग्यारह घंटे, 12448 अप यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, 12628 अप कर्नाटका एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, 11058 अप पठानकोट एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, 12722 अप सदर्न एक्सप्रेस ढाई घंटे, 22404 अप नई दिल्ली पांडुचेरी एक्सप्रेस चार घंटे, 22456 अप कालका शिरडी एक्सप्रेस चार घंटे, 12406 अप गोंडवाना एक्सप्रेस आठ घंटे, 12178 अप चंबल एक्सप्रेस दो घंटे, 01708 अप अटारी जबलपुर एक्सप्रेस तीन घंटे, 12138 अप पंजाब मेल दो घंटे, 18238 अप छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस चार घंटे आदि ट्रेनें देरी से झांसी आईं। इसी तरह नई दिल्ली से हबीबगंज जाने वाली 12002 अप शताब्दी एक्सप्रेस एक घंटा देरी से झांसी आई।
ट्रेनों की देरी के कारण रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म व वेटिंग रूम यात्रियों से खचाखच भरे रहे। इतना ही नहीं डेढ़ सौ से अधिक यात्रियों ने अपने आरक्षित टिकट निरस्त कराए।
तीन घंटे देरी से रवाना हुई ताज एक्सप्रेस
निजामुद्दीन से झांसी के मध्य चलने वाली ताज एक्सप्रेस सोमवार को तीन घंटे देरी से झांसी आई। इस कारण यह गाड़ी वापसी में भी तीन घंटे देरी से रवाना हो सकी। चूंकि, इस ट्रेन से बड़ी संख्या में यात्री झांसी से दिल्ली की तरफ जाते हैं। इस कारण ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्रियों का बुरा हाल रहा।