झांसी। जेल चौराहा के निकट 33 केवीए लाइन का केबल बक्सा फटने से सोमवार को रानी महल सब स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति छह घंटे तक बाधित रही। इससे जेल चौराहा सब स्टेशन की आपूर्ति भी दो घंटे तक प्रभावित रही। संबंधित क्षेत्र के लोग बिना बिजली उमस से बेहद परेशान रहे।
हंसारी ट्रांसमिशन पावर हाउस से आने वाली 33 केवीए लाइन से जेल चौराहा व रानी महल सब स्टेशन एक साथ जुड़े हुए हैं। दोपहर तीन बजे से शाम चार बजे की कटौती के उपरांत जैसे की आपूर्ति को चालू किया गया। जेल चौराहा पर रानी महल की तरफ जाने वाली लाइन का 33 केवीए का बक्सा फट गया। इससे दोनों सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों का करंट बंद हो गया। हालांकि, एक घंटे बाद लाइन काटकर जेल चौराहा से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति को चालू कर दी गई।
इसके बाद अवर अभियंता महेश चंद्र की देखरेख में केबल बक्से को सुधारने का काम शुरू किया गया, जो रात नौ बजे पूरा हो सका। इसके बाद ही आपूर्ति सामान्य बनाई जा सकी। छह घंटे तक लाइट न आने से सैंयर गेट, न्यू रोड, पुराना बस स्टैंड, मिनर्वा, तलैया, छनिया पुरा, अंदर ओरछा गेट, कुष्टयाना, सुभाष गंज, गुसाई पुरा, पंडयाना, सिंधी तिराहा, मानिक चौक आदि क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आज बंद रहेगी सीपरी बाजार क्षेत्र की बिजली
हंसारी ट्रांसमिशन हाउस से सीपरी बाजार (खालसा) सब स्टेशन आने वाली 33 केवीए लाइन पिछले तीन दिन से बारिश के दौरान पेड़ की डालियां व पत्ते टकराने से ट्रिप कर रही है। इससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। मंगलवार को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक 33 केवीए लाइन पर आ रही पेड़ की डालियों को काटने का काम हो गया। इस दौरान संबंधित क्षेत्र की बिजली बंद रहेगी। यह जानकारी अवर अभियंता हरिओम ने दी है।